लोक सभा एलेक्शन 2019: वोट मांगने घर-घर पहुंची भाजपा की टोली

भाजपा के मंत्रियों और उम्‍मीदवारों ने बुधवार को राजधानी के मुहल्‍लों में जाकर जनसंपर्क सभा की और वोट की अपील की।



भाजपा की टोली ने बुधवार को घनी आबादी वाले इलाकों में वोट मांगा। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधायक पंकज सिंह, विधायक सुरेश श्रीवास्तव, डॉ. नीरज बोरा समेत अन्य ने बाजारों के साथ ही मुहल्लों में जनसंपर्क किया।


शाम चार बजे से जनसंपर्क अभियान चौक के गोल दरवाजा से शुरू हुआ तो सर्राफ व्यापारियों ने प्रतीक चिन्ह देकर सभी को सम्मानित किया। यह जनसंपर्क विभिन्न सड़कों से होते हुए अकबरी गेट तक चला। शाम छह बजे उदयगंज डायमंड डेरी के पास आयोजित सभा में पंकज सिंह लखनऊ में गृहमंत्री राजनाथ सिंह की तरफ से कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में लखनऊ को सुंदर शहर बनाया जाएगा। इसमे कई योजनाएं चल रही हैं तो कुछ आगे चालू हो जाएंगी।


आउटर रिंग परियोजना से लेकर मेट्रो और अधूरे पड़े कुकरैल और पिपराघाट पुल को चालू कराकर शहरवासियों को बहुत राहत दी गई और अब शहर का जाम भी कम हो गया है। पांच नए फ्लाईओवर भी शहर को मिल चुके हैं। अमौसी एयरपोर्ट को टर्मिनल-3 मिल जाने से रोजगार के साधन भी बढ़ जाएंगे। शाम साढ़े सात बजे मवैया तिराहे के साथ ही लालकुआं चौराहे पर भी पंकज सिंह ने सभा को संबोधित किया।


 भाजपा के युवा नेता नीरज सिंह ने हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के साथ सेंट्रल बार एसोसिएशन के राजेंद्र प्रसाद सभागार में वकीलों से मुलाकात की। एसोसिएशन के अतुल सिंह, अमरेश पाल सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, अनिल कुमार मिश्र ने उनका जनसंपर्क कराया।