मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा उत्तर प्रदेश की पहचान हमने बदली




मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पहले यूपी की हालत हुत खराब थी। गुंडागर्दी व अराजकता का बोलबाला था। उनकी सरकार ने इस हालत को बदला और नई पहचान दी। यही कारण कि यूपी की कानून-व्यवस्था अब सबसे अच्छी हो गई है और उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट के बाद से दो लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव जमीन पर उतारे जा चुके हैं। 
















मुख्यमंत्री ने यह बात शुक्रवार को मुंबई में आयोजित वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम -2019 के उद्घाटन सत्र में कही। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कोई अक्षर ऐसा नहीं है जो मंत्र नहीं बन सकता है। इसलिए मंत्र की ताकत का एहसास हर भारतवासी करता है। मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रयागराज में कुंभ 2019 का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किया। पहले कुंभ की पहचान अराजकता, गुंडागर्दी, भगदड़ आदि थी। इस बार सब कुछ बदल गया। यूपी में पहले चुनौतियां ज्यादा थी, हर दूसरे दिन दंगा होता था, कार्य संस्कृति नहीं थी, अराजकता थी, गुंडागर्दी बहुत ज्यादा थी। पहचान का संकट था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की पहचान को स्थापित करने में सफलता हासिल की। हमने चुनौतियों को सफलता में बदला दिया है। क्राइम के मुद्दे पर जीरो टॉरलेंस नीति का नतीजा है कि आज सबसे अच्छी कानून व्यवस्था की स्थिति उत्तर प्रदेश की है। 


पहले के मुख्यमंत्री नोएडा जाने से डरते थे 
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री नोएडा और अयोध्या जाने से डरते थे। हमने इस मिथक को तोड़ा। अयोध्या को मुख्यधारा से जोड़ा और अयोध्या अपनी पहचान के साथ आज आगे बढ़ रहा है। अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन किया। उसको एक नई पहचान देने का काम हमारी सरकार ने किया।