धनतेरस पर राज्यकर्मियों को वेतन के साथ बोनस देगी सरकार


दीपावली से पहले राज्य कर्मचारियों को तीन अच्छी खबरें मिल सकती हैं। योगी सरकार उन्हें त्योहार से पहले वेतन और बोनस देने पर विचार कर रही है। वित्त विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक दीपावली 27 अक्टूबर को है। राज्य सरकार की कोशिश है कि कर्मचारियों को 25 अक्टूबर (धनतेरस) तक वेतन मिल जाए। प्रदेश के आठ लाख अराजपत्रित कर्मचारियों को सात-सात हजार रुपये का बोनस भी दिया जाएगा। इसमें से 25 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारियों को नकद दिया जाएगा। बाकी 75 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारियों के पीएफ में जमा हो जाएगा । इस बार दीपावली माह के अंत में पड़ रही है। इसलिए कई जिलों में कर्मचारी संगठनों ने त्योहार से पहले वेतन और बोनस देने की मांग की है। कई जिलों के कर्मचारियों ने इस संबंध में पत्र भी लिखे हैं। सूत्रों के अनुसार वित्त विभाग जल्दी ही सभी ट्रेजरी को इस संबंध में जरूरी आदेश जारी कर सकता है।