सीएम योगी आदित्य नाथ ने कहा विकास के हर कार्य को अंजाम तक पहुचाएंगे


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर आयोजित विधानमंडल के विशेष सत्र में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद को संबोधित किया। बुधवार को उन्होंने विधानसभा को संबोधित किया था। लगातार 36 घंटा के लिए निर्धारित इस विशेष सत्र को 48 घंटा करने की योजना है। 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सोच को सामने रखकर हमारी सरकार विकास के हर कार्य को अंजाम तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। हमारी सरकार ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में सूबे को प्रगति के मार्ग पर ले जाने बड़ा प्रयास किया है। किसी को भी विकास से वंचित नहीं किया जा सकता है। हमने विकास के 17 बिंदुओं के 169 लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इसका लाभ सभी को मिलेगा। यह मेरा यह पराया है, ऐसी सोच छोटे चरित्र वाले लोग करते हैं, बड़े चरित्र वालों के लिए दुनिया परिवार है।


पहले शासन की योजनाओं का लाभ आम व्यक्ति को नहीं मिलता था।हमारी सरकार ने लोगों के जीवन स्तर को उठाने का काम किया है। पहले खाद्यान्न निकलता था लेकिन लाभार्थी तक नहीं पहुंचता था। अब 3.55 करोड़ परिवारों को गेंहू और चावल मिलना शुरू हुआ है। आज टेक्नोलॉजी से कोई खाद्यान्न की चोरी नहीं कर सकता है। हमारे इस तरह से खाद्यान्न की चोरी रोकने से सरकार की 700 करोड़ रुपए की बचत हुई है। हमारे पास आज इतना खाद्यान्न है कि हम तीन वर्ष तक जनता का पेट भर सकते हैं। सरकार गरीब तथा किसान को उसका लाभ लेने का संकल्प ले चुकी है। अब कोई भी लाभ लेने से वंचित नही रहेगा। सरकार किसानों को एमएसपी से ज्यादा दाम दे रही है। जहां 2016 में गेंहू का 900 से 1000 प्रति कुंतल था, आज 2019 में 1860 प्रति कुंतल का दाम किसान के खाते में भेजा गया है। मंडी समिति के अफसरों को मैंने सफाई का निर्देश दिया था, 1400 टन कूड़ा साफ हुआ। आज किसान से मंडियों में सीधे खरीद हो रही है। कही कोई मीडियेटर या दलाल नहीं है।


आज ब्लैक मार्केटिंग कहां चली गई, किसी को पता नहीं। आप लोगों को भी पता होगा कि 2014 से पहले क्या स्थिति थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने किसानों के 74 हजार करोड़ रुपया का बकाया गन्ना का भुगतान कराया है। हमने बस्ती और पिपराइच में हमने नई चीनी मिलें लगाई हैं। हमसे पहले की सरकारों ने चीनी मिलें बेची थी, हमने नई शुरू की।