वर्ष 2019 में नही घोषित हुई कोई नई भर्ती

नहीं घोषित हुई नई भर्ती


 प्रदेश के परिषदीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को पूरे वर्ष नए शिक्षकों का इंतजार बना रहा। सरकार के दावे के बाद भी परिषदीय विद्यालयों के लिए पूर्व में घोषित 69 हजार शिक्षक भर्ती पर बना गतिरोध दूर नहीं हो सका। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के 40 हजार से अधिक पदों पर भर्ती उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड को पदों का अधियाचन मिलने के बाद भी शुरू नहीं हो सकी।


परिषदीय विद्यालयों से शिक्षामित्रों का समायोजन निरस्त होने के बाद 2018 में पहली बार 68500 सहायक अध्यापकों की भर्ती घोषित हुई, इस भर्ती का विवाद अभी तक दूर नहीं हुआ है। कोर्ट के आदेश के बाद दिसंबर महीने में ही 49 चयनित शिक्षकों के साथ 38 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई। 2018 के अंत में घोषित 69 हजार शिक्षक भर्ती में बीच में नियम बदले जाने के चलते 2019 खत्म होने तक यह भर्ती अटकी पड़ी है। 2018 में टीईटी पास करने वाले अभ्यर्थी नई शिक्षक भर्ती केलिए इंतजार करते रहे, परंतु पुरानी भर्ती का विवाद दूर नहीं होने से नई शिक्षक भर्ती घोषित नहीं की जा सकी।